जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प, सर्वेश कुमार ने संभाला नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त तहसीलदार का कार्यभार

Social

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
निजामाबाद (आजमगढ़)। निजामाबाद तहसील में नवागत नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त तहसीलदार के रूप में सर्वेश कुमार ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जनता को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध प्रशासन देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना होगी।
मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के निवासी सर्वेश कुमार वर्ष 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति के साथ समान व्यवहार किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नायब तहसीलदार सर्वेश कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही, तहसील में लंबित पुरानी राजस्व एवं प्रशासनिक फाइलों का शीघ्र निस्तारण कर व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने तहसील क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या राजस्व संबंधी परेशानी होने पर लोग बिना किसी संकोच के सीधे उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं नियमसम्मत समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मामला अत्यधिक गंभीर प्रकृति का होगा तो उसे उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के समक्ष प्रस्तुत कर उसका भी शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।