संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा 18 अक्टूबर 2026(सू0वि0)। कोषागार, एटा से पेंशन प्राप्त करने वाले समस्त पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को सूचित किया जाता है कि जिनके जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त हो रही है, वे समय से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जमा करना सुनिश्चित करें। पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस रिकग्निशन की सुविधा का उपयोग करते हुए घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर प्रेषित कर सकते हैं।
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने हेतु पेंशनर सर्वप्रथम अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से Aadhaar Face RD App डाउनलोड एवं इंस्टॉल करें। इसके उपरांत गूगल प्ले स्टोर से ही Jeevan Pramaan App डाउनलोड कर खोलें। ऐप में सर्वप्रथम डिवाइस रजिस्ट्रेशन एवं ऑपरेटर आइडेंटिफिकेशन की प्रक्रिया के अंतर्गत आधार संख्या, आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी तथा ई-मेल आईडी दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। इसके बाद फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया पूरी करें।
तत्पश्चात पेंशनर आइडेंटिफिकेशन के अंतर्गत आधार संख्या, मोबाइल नंबर एवं ओटीपी सत्यापन के उपरांत पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार State Government Uttar Pradesh, पेंशन वितरण एजेंसी Uttar Pradesh Treasury-Sub-Treasuries, ट्रेजरी/एजेंसी Etah, पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या तथा आईएफएससी कोड दर्ज करें। समस्त विवरण भरने के उपरांत फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदन सबमिट करें। इस प्रकार डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रेषित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने जनपद के समस्त पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे अपने जीवन प्रमाण-पत्र की वैधता की समय से जांच कर लें तथा अवधि समाप्त होने से पूर्व जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूर्ण करें, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो। स्मार्टफोन के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण करने में कठिनाई होने पर संबंधित पेंशनर कोषागार, एटा से आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।




