संवाद दाता:-सलीम जावेद
वाराणसी l 15 अगस्त के पावन अवसर पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के काशी जोन प्रांगण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त, काशी जोन गौरव बांसवाल द्वारा काशी की लोकप्रिय सामाजिक संस्था समाज सेवा सोसाइटी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान संस्था द्वारा यातायात व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा विभिन्न धर्मों के त्योहारों के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रदान किया गया। 
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस उपायुक्त गौरव बांसवाल ने समाज सेवा सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जिला पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लगातार समाजहित में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
वहीं, सम्मान प्राप्त होने पर समाज सेवा सोसाइटी के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के लिए वे आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पुलिस प्रशासन का सहयोग करते रहेंगे। 
यह सम्मान समारोह सामाजिक सहभागिता, आपसी सहयोग और पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आया।




