वाराणसी के लल्लापुरा फातमान में अकीदत के साथ मनाई गई हजरत फातिमा ज़हरा की शहादत, मजलिस में गूंजा पुरसा और मातम से माहौल हुआ गमगीन

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति

संवाद दाता:-शमीम हसन 

वाराणसी, 12 नवंबर 2026। धर्म एवं आध्यात्मिक परंपराओं की नगरी वाराणसी के लल्लापुरा स्थित फातमान में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की सुपुत्री और हजरत अली (अलैहिस्सलाम) की पत्नी जनाबे फातिमा ज़हरा (सलामुल्लाह अलैहा) की शहादत का कार्यक्रम पूरी अकीदत, एहतराम और गमगीन माहौल में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर शिया समुदाय के लोगों ने काले लिबास पहनकर शोक और गम का इजहार किया। पूरा फातमान परिसर गम के माहौल में डूबा रहा। कार्यक्रम की व्यवस्था के तहत परिसर के एक हिस्से में काले पर्दे लगाए गए थे, जहां महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी, जबकि बाहरी हॉल में पुरुषों के लिए स्थान निर्धारित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान रात लगभग 11 बजे मजलिस का आयोजन हुआ। मजलिस को मौलाना सैय्यद अकील हुसैनी साहब ने खिताब किया। उन्होंने अपनी तकरीर में जनाबे फातिमा ज़हरा की जिंदगी, उनके किरदार, इस्लाम के लिए उनकी कुर्बानियों और उनकी शहादत का दर्दनाक वाकया बयान किया। मजलिस में मौजूद अकीदतमंद पूरी तवज्जो और खामोशी के साथ तकरीर सुनते रहे। शहादत का जिक्र आते ही माहौल बेहद गमगीन हो गया। उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और सिसकियों की आवाज से पूरा फातमान परिसर गम और मातम में डूब गया।

मजलिस के बाद रात के सन्नाटे में जनाबे फातिमा ज़हरा का ताबूत बरामद किया गया। इस दौरान महिलाओं ने ताबूत को अपने कंधों पर उठाकर जनाबे जैनब और जनाबे सकीना के रौजे से बीबी के रौजे तक पहुंचाया। वहीं दूसरी ओर पुरुषों ने बाहर रहकर हाय जनाबे सैयदा की सदाओं के साथ मातम किया और पुरसा पेश किया।

यह पूरा कार्यक्रम शिया समुदाय की धार्मिक परंपराओं और अकीदत का प्रतीक रहा। रात ठीक 12 बजे ताबूत उठाने की रस्म के साथ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

फातमान में आयोजित इस शोक सभा में लोगों ने जनाबे फातिमा ज़हरा की शहादत को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन से सब्र, त्याग, सच्चाई और इंसानियत का संदेश लेने का संकल्प व्यक्त किया।