आजमगढ़: आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर बनवाया चरित्र प्रमाण पत्र, डीएम ने किया निरस्त

Agriculture Breaking

रिपोर्टर आशीष सिंह राठौड़ आजमगढ़: आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर बनवाया चरित्र प्रमाण पत्र, डीएम ने किया निरस्त

 

आजमगढ़। टेंडर और ठेकेदारी के लिए चरित्र प्रमाण पत्र हासिल करने में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाना सतपाल सिंह को भारी पड़ गया। पुलिस जांच में अलग-अलग जनपदों में उनके खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई।

 

अहरौला थाना क्षेत्र के पखनपुर निवासी सतपाल सिंह ने आवेदन के दौरान शपथ-पत्र में अपने खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं होने की जानकारी दी थी। पुलिस रिपोर्ट में लखनऊ, बाराबंकी और आजमगढ़ में चार मुकदमे दर्ज होने का खुलासा हुआ। प्रशासन की ओर से 15 दिन का नोटिस दिए जाने के बावजूद उन्होंने अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया।

 

इसके बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उपलब्ध अभिलेखों और पुलिस रिपोर्ट के आधार पर टेंडर एवं ठेकेदारी के लिए जारी उनका चरित्र प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। साथ ही निरस्त प्रमाण पत्र का किसी भी प्रकार से उपयोग न करने और उसकी मूल प्रति जमा कराने के निर्देश दिए हैं।