लाठी-डंडों से युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

 

थाना क्षेत्र के ग्राम भरसवा में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक युवक पर कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भरसवा निवासी राजेश यादव पुत्र छोटे लाल पर सरवन पुत्र देशराज, शुभम व बाबू पुत्र कैलाश, कैलाश की पत्नी तथा रामू व रामसहारे पुत्र उधई ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला।

 

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेश को सीएचसी रामनगर लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि सरवन, शुभम और बाबू के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

 

रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।