संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा 19 नवम्बर। जनपद में आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज सरस्वती विद्या मंदिर, जीटी रोड, एटा में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, सुरक्षित निकासी एवं प्राथमिक बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मॉकड्रिल में एनडीआरएफ, पीएसी, अग्निशमन विभाग एवं आपदा मित्रों की टीम ने प्रतिभाग कर विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस दौरान भूकंप के झटके महसूस होने पर ‘झुको, ढको और पकड़ो’ (Drop, Cover & Hold) के सिद्धांत का पालन करने, मजबूत मेज अथवा डेस्क के नीचे सुरक्षित शरण लेने, लिफ्ट का प्रयोग न करने तथा झटके रुकने के बाद खुले एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्र प्रकाश पाठक ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय एवं सही निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों को पहले से प्रशिक्षित एवं जागरूक करना आवश्यक है।
जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को भूकंप से पूर्व, भूकंप के दौरान एवं भूकंप के पश्चात बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। एनडीआरएफ, पीएसी, अग्निशमन विभाग एवं आपदा मित्रों की टीम ने बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सहायता करने के तरीके भी बताए। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एटा एम. अरुन्मौली के निर्देशानुसार जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉकड्रिल आयोजित किए जाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा के समय सुरक्षित बचाव एवं राहत कार्यों के लिए तैयार किया जा सके। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पूर्व तैयारी को मजबूत करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की हानि को न्यूनतम करना रहा।




