आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट:
वीरांगना ऊदा देवी के सपनों को साकार करेगा पासी भवन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का बनेगा नया केंद्र
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत जैगहां से बिंदवल मार्ग पर हारिपुर प्राइमरी स्कूल के सामने ग्राम सभा गुलवा गौरी में शुक्रवार को शाम 5:00 बजे वीरांगना ऊदा देवी एजुकेशनल ट्रस्ट पासी भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल एक भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि पासवान समाज के शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भारी उत्साह और गर्व के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दरोगा प्रसाद सरोज सांसद लालगंज तथा वीरांगना ऊदा देवी पासी के प्रपौत्र कमल कुमार उपस्थित रहे। भूमि पूजन का शुभारंभ हीरालाल पासी एवं सभासद अमरजीत पासवान के कर कमलों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। हवन-पूजन में बिलरियागंज नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कोमल पासवान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश पासवान सहित अन्य अतिथियों ने आहुति देकर समाज की उन्नति और शिक्षा के प्रसार की कामना की।
पूजन उपरांत कार्यक्रम स्थल पर भारतीय संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर, वीर शिरोमणि महाराज बिजली पासी एवं वीरांगना ऊदा देवी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। मंच पर उपस्थित वक्ताओं ने वीरांगना ऊदा देवी और महाराज बिजली पासी के संघर्ष, साहस और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि आज का यह भवन आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता की नई राह दिखाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश और समाज की रक्षा का संदेश दिया। वहीं वीर शिरोमणि महाराज बिजली पासी को समाज के गौरव और शौर्य का प्रतीक बताते हुए उनके संघर्षों को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया गया।
मुख्य अतिथि दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं होगा, बल्कि गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों के सपनों को उड़ान देने वाला केंद्र बनेगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एकता बनाए रखने और शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश में इस प्रकार का यह पहला प्रयास है, जहां पासवान समाज के बच्चों को शिक्षा, मार्गदर्शन और सामाजिक चेतना से जोड़ने के लिए समर्पित भवन की स्थापना की जा रही है। वक्ताओं ने समाज के बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर विधायक बेचई सरोज, मंजू सरोज, ननकू राम सरोज, राजेश सरोज, संतोष पासवान, सर्वेश पासवान, हरिकेश राजभर सहित बड़ी संख्या में पासवान समाज के लोग एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों में उत्साह, एकजुटता और गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।




