बार संगठित होगा तो मजबूत होगी बेंच: जयनारायण पांडेय अधिवक्ता बार एसोसिएशन मुंसिफ कोर्ट रसड़ा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह संपन्न। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा 

स्थानीय समाचार

बार संगठित होगा तो मजबूत होगी बेंच: जयनारायण पांडेय

अधिवक्ता बार एसोसिएशन मुंसिफ कोर्ट रसड़ा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह संपन्न।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

नवनियुक्त सभी पदाधिकारी प्रमाण पत्र के साथ।

रसड़ा, बलिया। अधिवक्ता बार एसोसिएशन मुंसिफ कोर्ट रसड़ा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह गुरुवार को गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय, अधिवक्ताओं की एकजुटता तथा न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर वक्ताओं ने जोर दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि बार काउंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष जयनारायण पांडेय ने कहा कि बार और बेंच तभी मजबूत हो सकते हैं, जब बार संगठित और एकजुट रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि छोटे-मोटे विवादों को आपसी बातचीत के माध्यम से समाप्त कर संगठन की एकता को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बार मजबूत होगा, तभी बेंच के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

विशिष्ट अतिथि सिविल जज जूनियर डिवीजन रसड़ा अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि छोटे-छोटे विवादों के बढ़ने से मुकदमों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि उसके अनुपात में न्यायाधीशों की नियुक्ति नहीं हो पा रही है। पत्रावलियों की अधिकता के कारण न्यायिक कार्यों में भी कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं।

न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय रसड़ा आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि दीवानी वाद में सभी पक्षों को सुने बिना न्याय नहीं किया जा सकता। जल्दबाजी में न्याय देने का प्रयास प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के विपरीत होगा। न्यायिक प्रक्रिया में प्रत्येक पक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना आवश्यक है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। अधिवक्ता इंद्रजीत तिवारी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

इसके बाद चुनाव अधिकारी कमलेश तिवारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अध्यक्ष राधेश्याम चौबे, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, दस वर्ष से अधिक की अधिवक्ता श्रेणी में उपाध्यक्ष संजीव कुमार बाबा, दस वर्ष से कम की श्रेणी में उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी इंद्रजीत तिवारी, संयुक्त सचिव प्रशासन बलवंत चौहान, कोषाध्यक्ष विष्णु तिवारी तथा संयुक्त सचिव पुस्तकालय शुभम सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की।

समारोह में भासपा नेता शिवेंद्र बहादुर सिंह ने भी अधिवक्ताओं की एकजुटता और संगठन की मजबूती को महत्वपूर्ण बताते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को विनोद सिंह, अशोक सिंह, दीपक दूबे, अजीत चौहान, अखिलेश सिंह, शिवशंकर सिंह, प्रेम सागर सिंह, वशिष्ठ नारायण सोनी तथा नगर पालिका चेयरमैन विनय जायसवाल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

समारोह के अंत में अधिवक्ताओं ने बार को और अधिक मजबूत, संगठित एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

नव नियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट परिसर में हुए अतिक्रमण जल्द हटवा दिया जाएगा और बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल जल की  व्यवस्था शौचालय की व्यवस्था सहित वादकारियों और अधिवक्ताओं से जुड़े सारी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा यह हमारी प्रथम प्राथमिकता है।