नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिकअप और रोडवेज बस की टक्कर में कई हताहत
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात पवई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चकिया गांव के पास माइलस्टोन संख्या 191 पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के अंडरपास के समीप करीब रात 2:15 बजे पिकअप वाहन और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि लखनऊ से बलिया जा रही बेल्थरा रोड डिपो की बस के आगे एक पिकअप वाहन चल रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में कई लोगों के जान गंवाने की आशंका है, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बस चालक की भी मौत होने की सूचना सामने आई है। क्षतिग्रस्त बस में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस के साथ राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने पिकअप वाहन में पशु तस्करी से जुड़े लोगों के होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि पुलिस एवं प्रशासन की ओर से किए जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




