रक्षाबंधन पर्व को लेकर थाना लंका पुलिस का विशेष महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान

INTERNATIONAL

संवाद दाता :-सलीम जावेद 

मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने बालिका विद्यालयों, महाविद्यालयों व छात्रावासों में छात्राओं को किया जागरूक, मनचलों के खिलाफ हुई प्रभावी कार्रवाई

वाराणसी। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अपराधों की रोकथाम के लिए थाना लंका पुलिस द्वारा 27 अगस्त 2026 को विशेष महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशों के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक थाना लंका के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

अभियान के तहत मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम सहित कुल 05 पुलिस टीमों द्वारा बालिका विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में भ्रमण कर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों और विषम परिस्थितियों में तत्काल पुलिस की मदद लेने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी-112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति अथवा साइबर अपराध की घटना में वे तत्काल संबंधित हेल्पलाइन से सहायता प्राप्त कर सकें।

IHS स्कूल नगवां में छात्राओं को किया जागरूक

अभियान के दौरान IHS स्कूल, नगवां में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर श्री गौरव कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक थाना लंका श्री राजकुमार द्वारा छात्राओं से संवाद किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया।

एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग, 06 के खिलाफ चालान

एंटी रोमियो टीम द्वारा विद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं पूछताछ की गई। इस दौरान आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 06 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की गई, जबकि 04 वाहनों को सीज किया गया।

इसके अलावा कुछ व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना और छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

अभियान में शामिल पुलिस अधिकारी

श्री गौरव कुमार — सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर, कमिश्नरेट वाराणसी।

श्री राजकुमार — प्रभारी निरीक्षक थाना लंका, कमिश्नरेट वाराणसी।

उ0नि0 पवन पाण्डेय — चौकी प्रभारी रमना, थाना लंका।

उ0नि0 अभिषेक सिंह — चौकी प्रभारी नगवां, थाना लंका।

उ0नि0 सौरभ तिवारी — चौकी प्रभारी बीएचयू, थाना लंका।

म0उ0नि0 शिप्रा सिंह — चौकी प्रभारी संकटमोचन, थाना लंका।

पुलिस का संदेश: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, साइबर अपराध या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की मदद लें।