37 पदकों के साथ 37वीं अखिल भारतीय खेलकूद एवं जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, SGFI प्रतियोगिता के लिए 26 छात्राओं का हुआ चयन

SPORTS

संवाददाता : रामेश्वर सोनी
आगरा । पूर्वी उत्तर प्रदेश में आयोजित 37वीं अखिल भारतीय खेलकूद एवं जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में गणेशराम नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर, आगरा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। दिनांक 21 से 22 नवंबर 2026 तक रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर, प्रयागराज में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की 32 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने Artistic एवं Rhythmic Gymnastics की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 37 पदक अर्जित किए। इनमें 12 स्वर्ण, 09 रजत एवं 16 कांस्य पदक शामिल हैं। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, लगन और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। विद्यालय के लिए यह उपलब्धि और भी अधिक गौरवपूर्ण है कि विद्या भारती के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र से आयोजित SGFI (School Games Federation of India) जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए विद्यालय की 26 छात्राओं का चयन हुआ है। यह चयन छात्राओं की निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति उनकी लगन का प्रमाण है। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे प्रशिक्षक श्री राम प्रवेश द्विवेदी एवं श्रीमती चंचल त्यागी का कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास रहा। प्रतियोगिता के दौरान श्रीमती साक्षी जी भी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती चारु पटेल ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं SGFI के लिए चयनित छात्राओं को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय की प्रबंध समिति ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी और उनके सहयोग की सराहना की। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आगरा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बालिका खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतीक है।