आजमगढ़ में तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका, पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गोतस्कर घायल, साथी गिरफ्तार

CRIME

नेशनल खबर 9 से आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय

थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र की मुस्तैदी और सटीक रणनीति से पुलिस को मिली बड़ी सफलता, छह जनपदों में दर्ज हैं दोनों अभियुक्तों के खिलाफ 12 मुकदमे; दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की गाड़ी बरामद

 

आजमगढ़। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार असर दिखा रहा है। इसी क्रम में बुधवार की भोर करीब 3:45 बजे थाना जहानागंज क्षेत्र के ग्राम मन्दे बागीचा के पास भुजही नहर पर पुलिस और अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शातिर गोतस्कर शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व, सतर्कता और रणनीतिक घेराबंदी ने अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मोर्चा संभाला और भुजही नहर के पास चेकिंग शुरू कर दी।

इसी बीच संदिग्ध चारपहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वाहन सवार भागने लगे और पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शोएब उर्फ गेंदा घायल हो गया। वहीं पुलिस टीम ने उसके साथी मुस्तफा रजा को मौके से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद तथा प्रतिबंधित पशुओं को बांधने और परिवहन में इस्तेमाल होने वाली चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद हुई हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने की बात स्वीकार की। उनका तरीका बेहद सुनियोजित था। पहले चारपहिया वाहन से सुनसान रास्तों और स्थानों की रेकी की जाती थी, फिर ट्रक और पिकअप के जरिए पशुओं को हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लदवाकर उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाकर बेचा जाता था। पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाई जाती थी और विरोध या गिरफ्तारी से बचने के लिए अवैध असलहों का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्तों के खिलाफ इटावा, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर, मैनपुरी और आजमगढ़ सहित छह जनपदों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि अपराधियों के लिए कानून से बचना आसान नहीं होगा। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में जहानागंज पुलिस की सक्रियता से एक संगठित तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ने में सफलता मिली है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई गई। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, अनिल कुमार, कांस्टेबल ऋषभ तिवारी, अमित कुमार, अनुप कुमार एवं सचिन साहू शामिल रहे।

अपराध के अंधेरे रास्तों पर पुलिस की सतर्क निगाह, कानून के हाथों से बचना अब आसान नहीं। जहानागंज पुलिस की इस कार्रवाई ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।