करंट के खंभे पर मंडरा रहा खतरा! सिर्फ केबल के सहारे टिका जर्जर विद्युत पोल

Uncategorized

संवाददाता : वसीम खान
मऊ मुहम्मदाबाद गोहना । नगर के गोला टोला मुख्य बाजार में नगर पालिका कार्यालय से महज करीब 150 मीटर आगे विद्युत विभाग की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां विद्युत का खंभा नीचे से पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुका है और फिलहाल सिर्फ केबल के सहारे खड़ा है। खंभे की हालत इतनी कमजोर है कि किसी भी समय इसके गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। मुख्य बाजार होने के कारण यहां दिनभर दुकानदारों और राहगीरों की आवाजाही रहती है, जिससे स्थानीय लोगों में दुर्घटना को लेकर चिंता बनी हुई है। अगल-बगल के दुकानदारों मनोज गुप्ता, अवधेश प्रजापति, नीरज सोनकर आदि ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जर्जर खंभे की मरम्मत कराई जाए अथवा उसके स्थान पर नया विद्युत पोल लगाया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि खंभा काफी समय से कमजोर हालत में है और ऊपर से भी केबल के सहारे टिका हुआ है। ऐसे में जिम्मेदार विभाग द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।