संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 14 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली ने जिला पंचायत सभागार, एटा में फील्ड ट्रेनरों के द्वितीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। द्वितीय स्लॉट के अंतर्गत 14 से 16 अक्टूबर तक प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों के संधारण, गणना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। जिला जनगणना प्रभारी आदेश मौर्य एवं मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा और रजत पाल द्वारा फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत ये फील्ड ट्रेनर एटा तहसील एवं उसके नगरीय निकायों में प्रगणकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी फील्ड ट्रेनरों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक विषय को भली-भांति समझें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर मास्टर ट्रेनरों से उसका समाधान अवश्य कराएं, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनरों की जिम्मेदारी है कि वे प्रगणकों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की सही और स्पष्ट जानकारी दें। प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण किट भी वितरित की। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) चन्द्र प्रकाश पाठक, उपजिलाधिकारी रविंद्र सिंह, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी अवधेश कुमार, जिला जनगणना प्रभारी आदेश मौर्य, मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा एवं रजत पाल सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कार्मिक आदि उपस्थित रहे।




