विनोद साहनी हत्याकांड : अंतिम संस्कार में जाने से रोके गए सपा नेता, हाईवे पर चार घंटे हंगामा, पुलिस के रोकने पर भड़के कार्यकर्ता, हाईवे पर धरने से तीन किलोमीटर तक लगा जाम; कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर बाराबंकी। विनोद साहनी की निर्मम हत्या के बाद शुक्रवार को उनके दाह संस्कार में शामिल होने गोंडा जा रहे समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप को अपने समर्थकों के साथ रामनगर के बुढ़वल चौराहे पर पुलिस ने रोक लिया।

 

पुलिस ने भीड़ अधिक होने का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल वहां जाने की अनुमति नहीं दी। इससे नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने रामनगर चौराहे पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

 

 

 

← Back

Thank you for your response. ✨

कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, भाजपा सरकार डरपोक है तथा विनोद साहनी के हत्यारों को फांसी दो के नारे लगाए और हाईवे पर बैठ गए। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बसों, एंबुलेंस सहित सैकड़ों बस और ट्रक फंस गए। स्थिति को संभालने में रामनगर पुलिस के सामने मुश्किलें आने पर मसौली और बदोसराय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद गोंडा पुलिस राजपाल कश्यप को अपने साथ लेकर गोंडा चली गई।

 

 

 

इसके बाद रामनगर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप को भी पुलिस ने बुढ़वल स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर रोक लिया। कुछ देर बाद पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा, रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवई और बाराबंकी सदर विधायक सुरेश यादव भी वहां पहुंचे। करीब एक घंटे तक सभी नेता कार्यालय में बैठे, जिसके बाद चाय-नाश्ता कर वापस लौट गए।

 

 

 

इस दौरान अरविंद सिंह गोप ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ चुकी है और सभी लोगों को रामनगर पुलिस ने रोक रखा है, लेकिन वे सरकार के आगे घुटने टेकने वाले नहीं हैं। पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं, सोशल मीडिया पर मृतक विनोद साहनी द्वारा हिंदू महिलाओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी का एक पोस्ट वायरल होने के संबंध में राकेश वर्मा ने उसे गलत और प्लांटेड बताया। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट बनाई गई है। बाद में सभी नेता रामनगर से वापस लौट गए।

 

 

 

 

इस दौरान अनिल यादव जिला उपाध्यक्ष बहराइच, अरशद हुसैन जिला अध्यक्ष गोंडा, पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह, राजकुमार, राजू कश्यप, अवधेश वर्मा, अरमान खान श्रावस्ती समेत अन्य लोग मौजूद रहे।