खेत में कूड़ा डालने से मना करने पर जानलेवा हमला, मुकदमे में फंसाने की धमकी

Social

पुरवा, उन्नाव। कोतवाली पुरवा क्षेत्र के ग्राम जाफर खेड़ा मजरा बहरौरा में खेत में गोबर व कूड़ा-कचरा डालने से मना करने पर किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित सुन्दरलाल पुत्र कालीचरण निवासी जाफर खेड़ा ने बताया कि वह 26 अक्टूबर को अपने खेत पर धान काटने जा रहा था। रास्ते में लल्लू की औरत सीमा, कोहरू और कोहरू की औरत उसके खेत में घूर (गोबर) व कूड़ा डाल रहे थे। पहले भी मना किया था। दोबारा मना करने पर तीनों आक्रोशित हो गए और हमला कर दिया। आरोप है कि मुंह पर ईंट मार दी, जिससे मुंह बुरी तरह फट गया और गंभीर चोट आई। इसके बाद लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पिटाई की गई। किसी तरह जान बचाकर वह थाने पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि लल्लू की औरत सीमा महिला होने का नाजायज फायदा उठाती है और धमकी देती है कि ज्यादा करोगे तो छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवा दूंगी। पीड़ित ने मेडिकल कराकर प्राथमिकी दर्ज करने व सुरक्षा की मांग की है।