पुरवा (उन्नाव): कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अतरसई में दुकान पर सामान उधार मांगने के विवाद को लेकर एक महिला और उसकी बेटी के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लल्लन प्रसाद की माता रतन कुमारी और बहन जूही दुकान पर बैठी थीं। तभी गांव के ही नन्दू सिंह ने दुकान पर आकर पान मसाला उधार मांगा। पुराना ₹1500 बकाया होने के कारण जब जूही ने उधार देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जूही और बीच-बचाव करने आई उसकी मां रतन कुमारी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने रतन कुमारी के सिर, सीने और ठुड्डी पर पक्की ईंट से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को गंभीर हालत में उन्नाव सरकारी अस्पताल (जिला अस्पताल) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने मामले की शिकायत (F.IR.) दर्ज कर ली है और उपनिरीक्षक विनोद सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है।




