संवाददाता : वसीम खान
मऊ। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत थाना सरायलखंसी की मिशन शक्ति टीम ने बुधवार को व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के तहत टीम ने सबसे पहले सखी वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान टीम ने वहां आवासित महिला से संवाद स्थापित किया और उसकी समस्याओं को गहराई से समझने का प्रयास किया। टीम ने सेंटर में कार्यरत स्टाफ से भी बातचीत कर उनके कार्यों की सराहना की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद टीम प्राथमिक विद्यालय बहरीपुर पहुँची, जहाँ छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), तथा 1098 (बाल सहायता नंबर) की जानकारी दी गई।टीम के सदस्यों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन जिएं, किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अपने अधिकारों के प्रति हमेशा सजग रहें।
इस मौके पर महिला उपनिरीक्षक कोमल कसौधन, आरक्षी रीना यादव, आरक्षी जंग बहादुर वर्मा, एवं मुख्य आरक्षी प्रदीप यादव मौजूद रहे। मिशन शक्ति टीम ने बताया कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।




