शिक्षक महासभा का वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों में जनसंपर्क, 8 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान

EXCLUSIVE

संवाद दाता:- शमीम हसन 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासभा की ओर से आगामी 08 सितंबर 2026, मंगलवार को आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर वाराणसी जनपद के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। बुधवार, 02 सितंबर 2026 को शिक्षक महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने कई विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षक साथियों एवं शिक्षिका बहनों से मुलाकात की और उन्हें प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

प्रतिनिधिमंडल ने काशी कृषक इंटर कॉलेज हरहुआ, उड़िया बाबा इंटर कॉलेज बैजलपट्टी, वीरापट्टी इंटर कॉलेज, सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज बसनी, कमला बालिका इंटर कॉलेज बसनी, हरिहर महादेव इंटर कॉलेज देवचंदपुर, बद्री नारायण इंटर कॉलेज कनियर एवं राजकुमारी बालिका इंटर कॉलेज कनियर में पहुंचकर शिक्षकों से संवाद किया।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से 08 सितंबर, मंगलवार को शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर संगठन लगातार प्रयासरत है तथा अपनी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए सभी शिक्षक साथियों की सहभागिता जरूरी है।

जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से उत्तर प्रदेश शिक्षक महासभा की सदस्यता ग्रहण करने का भी आग्रह किया। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

शिक्षक महासभा के प्रतिनिधिमंडल में जिला संगठन मंत्री पुष्प चंद्र सागर, जिला महामंत्री राम अवध कुमार, प्रांतीय मीडिया प्रभारी हृदय राज कपूर, प्रांतीय संगठन मंत्री नीरज कुमार विमल एवं प्रांतीय महामंत्री कुंवर जीत इलाहाबादी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों से संवाद करते हुए आगामी धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सहयोग और सहभागिता की अपील की। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षक समुदाय की एकजुटता से ही उनकी समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है।