गंभीर रूप से बीमार 3 वर्षीय बालक के इलाज में मिली मदद, परिवार ने विधायक बेदी राम का जताया आभार

Social

संवाद दाता:- अजीत मोदनवाल 

गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के विकासखंड सादात अंतर्गत ग्राम पंचायत टाड़ा, पोस्ट अकबरपुर निवासी तीन वर्षीय ऋषभ कुमार ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका इलाज वाराणसी स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में चल रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च जुटाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

परिजनों के अनुसार, सर सुंदरलाल चिकित्सालय की ओर से इलाज के लिए करीब 5 लाख रुपये का एस्टीमेट दिया गया। इसके बाद परिवार मदद की उम्मीद लेकर जखनिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बेदी राम जी के हंसराजपुर स्थित कार्यालय पहुंचा।

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक बेदी राम ने तत्काल पहल करते हुए अपने लेटर पैड पर पत्रांक संख्या A5/563/421 के माध्यम से आवश्यक प्रपत्र पूरा कर 5 लाख रुपये के इलाज संबंधी एस्टीमेट पर हस्ताक्षर किए। विधायक ने परिवार को सलाह दी कि आय प्रमाण पत्र संलग्न कर संबंधित दस्तावेज गाजीपुर सचिवालय में मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित अधिकारी के पास जमा कराएं।

परिजनों ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज और आय प्रमाण पत्र के साथ आवेदन 21 जुलाई को जमा किया गया। सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 31 अगस्त को मुख्यमंत्री राहत कोष से गंभीर बीमारी के इलाज के लिए ढाई लाख रुपये की सहायता राशि सर सुंदरलाल चिकित्सालय में जमा हो गई।

आर्थिक सहायता मिलने के बाद अब तीन वर्षीय ऋषभ कुमार का इलाज सुचारू रूप से जारी रहने की उम्मीद जगी है। परिवार को विश्वास है कि समय पर मिले इस सहयोग से बच्चे के इलाज में बड़ी मदद मिलेगी।

इस सहायता के लिए ऋषभ कुमार के माता-पिता, उनके दादा राम अवध भगत और उनके मित्र अजीत मोदनवाल ने विधायक बेदी राम सहित मुख्यमंत्री राहत कोष से जुड़े सभी अधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

परिजनों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में विधायक द्वारा दिखाई गई तत्परता उनके लिए बड़ी मदद साबित हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी बच्चे के इलाज के लिए आवश्यक सहयोग मिलता रहेगा।