गोदाम का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

CRIME

संवाद दाता:- सलीम जावेद 

वाराणसी। रामनगर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी किए गए चश्मे, चश्मों के फ्रेम, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई राउटर, पंखा, केबल, लोहे के सरिया सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 02 सितंबर 2026 को वादिनी द्वारा थाना रामनगर में लिखित सूचना दी गई थी कि शिव विहार कॉलोनी स्थित उनके चश्मे के गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर चश्मे, चश्मों के फ्रेम, सीसीटीवी कैमरे और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया है। सूचना के आधार पर थाना रामनगर में मु0अ0सं0-0230/2026, धारा 305(ए), 317(2), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार चेकिंग और संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 03 सितंबर 2026 को रात 3:15 बजे रामनगर पुलिस ने शिव विहार कॉलोनी से अभियुक्त अन्नू राजभर पुत्र राजेश राजभर, निवासी शिव विहार कॉलोनी, भीटी, थाना रामनगर, वाराणसी, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 09 अदद चश्मे, 06 गत्ते, एक बोरी में चश्मे व चश्मों के फ्रेम, 22 सीसीटीवी कैमरे, 02 वाई-फाई राउटर, 02 बंडल केबल/तार, एक पंखा, 21 लोहे के सरिया के टुकड़े और एक चश्मे का स्टैंड बरामद किया है।

पूछताछ में बताई चोरी की बात

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शिव विहार कॉलोनी का ही रहने वाला है। उसी कॉलोनी में एक गोदाम काफी समय से बंद था और वहां किसी का आना-जाना नहीं होता था। मौका देखकर उसने गोदाम के पीछे के रास्ते से धीरे-धीरे सामान निकालकर बेच दिया। चोरी का कुछ सामान उसके पास बचा हुआ था, जिसे लेकर जाते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अन्नू राजभर के खिलाफ पूर्व में भी मु0अ0सं0-0080/2022, धारा 302/394/411 भादवि, थाना रामनगर, कमिश्नरेट वाराणसी में अभियोग दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थाना रामनगर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, अमित कुमार शर्मा, नितेश शर्मा तथा कांस्टेबल पवन कुमार, सचिन चतुर्वेदी, शक्तिरमण पाल और विनय कुमार सिंह शामिल रहे।

रामनगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।