दोपहर 12 बजे तक उपखंड कार्यालय से नदारद रहे अधिकारी, ऑनलाइन हाजिरी पर भी उठे सवाल

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

बुढ़वल विद्युत उपखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शुक्रवार को हमारे संवाददाता द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान दोपहर करीब 12 बजे तक उपखंड कार्यालय में न तो उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मौजूद मिले और न ही अवर अभियंता (जेई) व अधिशासी अभियंता अपने कार्यालय में मिले। इससे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा।

 

इसी दौरान सूत्रों ने दावा किया कि उपखंड में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद हसनैन प्रदेश से बाहर घूमने गए हुए हैं, जबकि उनकी ऑनलाइन उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज की जा रही है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत उपखंड में उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही बरती जाती है। आरोप यह भी हैं कि कई मामलों में कार्य कराने के नाम पर अवैध धन की मांग की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

इन आरोपों और अधिकारियों की अनुपस्थिति के संबंध में अधीक्षण अभियंता से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। मामले को लेकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है और लोगों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।