मिशन शक्ति टीम ने बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक

Special

संवाददाता : वसीम खान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन एवं थानाध्यक्ष के कुशल नेतृत्व में थाना मुहम्मदाबाद गोहना की मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम ओटनी कमालपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवतियों को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि महिला हिंसा, उत्पीड़न एवं प्रताड़ना जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। विवाहित महिलाओं को दहेज उत्पीड़न एवं दहेज हत्या जैसी घटनाओं के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना देर किए संबंधित विभाग एवं पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिलाओं को मानसिक रूप से मजबूत रहने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य से काम लेने तथा आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहने के संबंध में भी आवश्यक परामर्श दिया गया।
वहीं अविवाहित छात्राओं एवं युवतियों को सुरक्षित वातावरण, आत्मरक्षा, महिला अधिकारों तथा अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र में नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों के साथ एनजीओ प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, आशा बहू तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उपनिरीक्षक माधुरी सागर, महिला कांस्टेबल रमिता मौर्या, महिला हेड कांस्टेबल सरिता सहित मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियां मौजूद रहीं।