जिलाधिकारी के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद भर में शुरू हुए जन जागरूकता अभियान

Special

संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 16 जुलाई, 2026 (सू.वि.)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई, 2026 तक आयोजित “भूजल सप्ताह-2026” के अंतर्गत जनपद एटा में व्यापक जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र के मार्गदर्शन में जनपद के विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न विभागों द्वारा जल एवं भूजल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महारानी लक्ष्मीबाई कन्या इंटर कॉलेज, एटा में “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” थीम पर जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा भूजल स्तर को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके उपरांत छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान जल संरक्षण संबंधी प्रेरक नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल का संचयन करने तथा अनावश्यक जल अपव्यय रोकने की अपील की गई। छात्राओं ने संदेश दिया कि “आज जल बचाना ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना है।” विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतीक्षा राजपूत ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर जल बचाने का संकल्प ले, तो भूजल संकट को काफी हद तक रोका जा सकता है।