वन विहार कार्यक्रम में गूंजा राष्ट्र प्रथम का संदेश, स्वयंसेवकों ने समाज सेवा और संगठन विस्तार का लिया संकल्प

स्थानीय समाचार

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
सरायमीर (आजमगढ़)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड मिर्जापुर, नगर सरायमीर द्वारा सोमवार को विदावनपुर मंदिर परिसर में आयोजित वन विहार कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं विचार परिवार के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता तथा संगठन सुदृढ़ीकरण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं परिचय सत्र के साथ हुआ। इसके पश्चात नगर प्रचारक प्रवेश जी एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक संघ के संघचालक राम मूरत जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभाव पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करता है। वक्ताओं ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा कार्यों तथा युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित स्वयंसेवकों में निहित होती है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं। वन विहार कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने आपसी परिचय, संवाद, बौद्धिक चर्चा, समूह चिंतन एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। आगामी सेवा गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता अभियानों तथा संगठन विस्तार की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।