संवाददाता : मोनू भारती
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मोहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाला भीषण ट्रैफिक जाम क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। तमसा नदी पर बना एकमात्र संकरा पुल बढ़ते यातायात का दबाव झेलने में असमर्थ साबित हो रहा है, जिसके कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शादी-विवाह के सीजन, वलीदपुर उर्स तथा अन्य बड़े आयोजनों के दौरान स्थिति और भी विकट हो जाती है। मोहम्मदाबाद नगर पंचायत और वलीदपुर नगर पंचायत के बीच स्थित इस पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आमजन, मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। कई बार मात्र दो मिनट की दूरी तय करने में घंटों का समय लग जाता है। जनता का कहना है कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए मां तमसा नदी पर एक नए एवं चौड़े पुल का निर्माण समय की आवश्यकता बन गया है। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और आवागमन को भी नई गति मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री अरविंद कुमार शर्मा से मांग की है कि मोहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर तमसा नदी पर शीघ्र एक नए पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर जनहित में आवश्यक कार्रवाई की जाए।




