संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के बाद शिकायतों की रसीद प्राप्त करने के दौरान एक महिला सीढ़ियों से फिसलकर घायल हो गई। घटना में महिला के सिर में चोट लगने से तहसील परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार अपर जिलाधिकारी परमेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें देने वाले फरियादी अपनी शिकायतों की रसीद लेने के लिए तहसील परिसर में मौजूद रहे। रसीद वितरण के लिए निर्धारित स्थान को लेकर कई लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही, जिसके कारण फरियादियों को अलग-अलग कक्षों में जाना पड़ा। इसी दौरान मड़हापट्टी निवासी रेशमी (40 वर्ष), पत्नी प्रभुनाथ, भूमि संबंधी शिकायत की रसीद प्राप्त करने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीढ़ियों पर नमी होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर में चोट लग गई तथा रक्तस्राव होने लगा।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन ने तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना भिजवाया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घटना के बाद मौजूद लोगों ने तहसील परिसर में बेहतर प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया।




