संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील सभागार, मुहम्मदाबाद गोहना में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) परमेंद्र कुमार एवं उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर अधिकारियों ने उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 128 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं गंभीर शिकायतों की जमीनी हकीकत की जांच के लिए 6 विशेष टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
मुख्य राजस्व अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर तहसीलदार अविनाश सिंह, नायब तहसीलदार गौरव शाह, खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडे, पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना देवेश मिश्रा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना के अधीक्षक रामबदन राजभर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




