नेशनल खबर 9 से आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय:
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र निवासी एक युवक की गोरखपुर जनपद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके पांच साथी घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदनीपुर और भागीपुर निवासी छह युवक शुक्रवार, 13 नवंबर को छठ पूजा का सामान खरीदने पिकअप से गोरखपुर गए थे। देर रात सामान लेकर सभी युवक फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा बाजार और बड़हलगंज के बीच एक पेट्रोल पंप के पास उनकी पिकअप सड़क पर खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई।
हादसे में 18 वर्षीय हरसू पुत्र गुड्डू मद्धेशिया निवासी सुदनीपुर, रौनापार की मौत हो गई। वहीं, मुलायम, शुभम, रवि मौर्य, प्रियांशु और डबलू घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घर में छठ पूजा की तैयारियों के बीच हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
रौनापार पुलिस ने बताया कि दुर्घटना गैर जनपद में हुई है। स्थानीय पुलिस आवश्यक जानकारी के आधार पर विधिक कार्रवाई में जुटी है।




