गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, एटा में कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन, 211 छात्र-छात्राओं ने लिया मार्गदर्शन

स्थानीय समाचार

संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा 10 जुलाई 2026(सू0वि0)। जिला सेवायोजन कार्यालय, एटा द्वारा शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, एटा में कैरियर काउंसिलिंग का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 211 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, कैरियर विकल्पों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सर्वोदय इंटर कॉलेज विजय मिश्रा, तथा डी.डी. न्यूज मिथलेश शर्मा, ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में उपलब्ध उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सरकारी योजनाओं के संबंध में प्रेरणादायक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चयन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य चन्द्रजीत राव, ब्रजेश कुमार एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया तथा छात्र-छात्राओं को अधिकाधिक लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला सेवायोजन कार्यालय, एटा के प्रभारी सहायक सेवायोजन अधिकारी सूर्यकांत सिंह, वरिष्ठ सहायक बांके बिहारी एवं कनिष्ठ सहायक आशीष यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक माह कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को समय रहते उचित कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके और वे शिक्षा, रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।