मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील बार चुनाव: अध्यक्ष और मंत्री पद पर आमने-सामने उम्मीदवार
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को पुस्तकालय भवन में विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई। अध्यक्ष और मंत्री पद पर दो-दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया, जबकि अन्य पदों पर एक-एक प्रत्याशी मैदान में उतरे।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता की देखरेख में नामांकन पत्र जमा किए गए। अध्यक्ष पद के लिए खालिद जमाल और ओमप्रकाश ने अपनी दावेदारी पेश की। मंत्री पद पर विनोद कुमार सिंह तथा आफताब आलम ने नामांकन किया।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद हेतु सैयद अली इमदाद ज़ैदी, ऑडिटर पद के लिए विद्यापति यादव और सदस्य कार्यकारिणी पद पर मुनव्वर अली ने पर्चा दाखिल किया। इन पदों पर केवल एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन की संभावना जताई जा रही है।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 9 मई को की जाएगी। मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया 14 मई को संपन्न होगी।




