तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, महिला गंभीर घायल

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

थाना रामनगर क्षेत्र के दुर्गापुर स्थित राष्ट्रीय राज मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, याकूबपुर कर्नलगंज निवासी राकेश (35) पुत्र संतराम और शिवशती (40) पत्नी पप्पू बाइक से रामपुर भैसुरिया स्थित अपनी बहन के यहां जा रहे थे। तभी दुर्गापुर के निकट पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर संख्या UP 78 KN 9351 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुंची, जहां मौजूद चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिवशती का उपचार जारी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। चिकित्सकों द्वारा सूचना दिए जाने पर रामनगर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।