रामनगर बाराबंकी। ट्रैक्टर से दूसरे ट्रैक्टर-ट्राली को रस्से से बांधकर (टोचिन) भूसा लादकर घर जा रहे 42 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग दस बजे रामनगर थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिरकौली (ठकुरन) निवासी संजय सिंह पुत्र मुन्नी सिंह (42) ट्रैक्टर से दूसरे ट्रैक्टर-ट्राली को रस्से से बांधकर अपने खेत से भूसा लेकर घर जा रहे थे।
आगे वाले ट्रैक्टर पर चालक संजय सिंह बैठकर भूसा लदे ट्रैक्टर-ट्राली को खींच रहा था। दूसरे ट्रैक्टर-ट्राली पर उसका पुत्र ओम सिंह बैठा था। तभी सिरकौली बांध पर चढ़ते समय अचानक रस्सा टूट गया और आगे वाला ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ खाई में गिर गया और चालक संजय ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना होते ही वहां पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई तथा घायल को ट्रैक्टर के नीचे से निकाल कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर गए, जहां पर उपस्थित डॉक्टर हाशिम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने घटना की सूचना रामनगर थाने पर दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन शव लेकर गांव चले गए।
यह सूचना सुनकर रामनगर पुलिस सिरकौली (ठकुरन) गांव पहुंची, जहां पर उपस्थित परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और कहा कि यह घटना आकस्मिक रूप से घटित हुई है, जिसमें किसी का दोष नहीं है।
मृतक खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक का एक पुत्र व एक पुत्री है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।




