संवाद दाता:- सलीम जावेद
वाराणसी। आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एवं भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट एवं कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रस्तावित एयर शो के दौरान सेना के विभिन्न प्रकार के विमान एवं एयरक्राफ्ट लगभग 90 मिनट तक रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों तटों से इस भव्य आयोजन को देखने के लिए लगभग 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
पुलिस आयुक्त ने प्रमुख घाटों एवं आयोजन स्थलों का पैदल भ्रमण कर दर्शकों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, दर्शक क्षेत्र, भीड़ के दबाव वाले स्थानों तथा सुरक्षित आवागमन के रास्तों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया एवं क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
गंगा के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के साथ यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्थान पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग न होने पाए, इसके लिए पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए।
लाखों दर्शकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्ग, प्रवेश-निकास प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग तथा आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पहले से निर्धारित रखने को कहा गया, ताकि एयर शो के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील एवं अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस आयुक्त ने आपातकालीन मार्ग, इमरजेंसी एग्जिट एवं त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी आकस्मिक परिस्थिति में दर्शकों को सुरक्षित एवं शीघ्र बाहर निकालने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार रखी जाए।
मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को परखा जाएगा 
पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि एयर शो से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा की जाए तथा आवश्यकतानुसार मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ऐसा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे लाखों दर्शक सुरक्षित और सुगम वातावरण में इस भव्य एयर शो का आनंद ले सकें।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।




