निजामाबाद तहसील में जनसेवा की नई मिसाल बने उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह

Social

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
निजामाबाद (आजमगढ़)। तहसील निजामाबाद में तैनात उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह इन दिनों अपनी कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण के चलते चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उनका मूल मंत्र है—जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान। उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह प्रतिदिन सुबह 10 बजे अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई शुरू करते हैं और देर रात तक लोगों की शिकायतें सुनते हैं। यही वजह है कि क्षेत्र की जनता का उनके प्रति विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों का मानना है कि वह बिना किसी भेदभाव के सभी के साथ न्याय करते हैं। अपने सरल स्वभाव, मधुर वाणी और सकारात्मक व्यवहार के कारण उन्होंने कम समय में ही लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है। जब उन्होंने निजामाबाद तहसील का कार्यभार संभाला था, उस समय तहसील की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। लेखपाल संघ धरने पर बैठा था और अधिवक्ताओं में भी नाराजगी का माहौल था। कर्मचारियों में भी असंतोष व्याप्त था। लेकिन उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अपनी सूझबूझ और संवाद कौशल से सभी वर्गों से बातचीत की और उनकी समस्याओं का समाधान किया। उनके प्रयासों से धीरे-धीरे तहसील का माहौल बदल गया और आज स्थिति पूरी तरह सामान्य और सकारात्मक हो चुकी है। आज अधिवक्ता संघ, लेखपाल संघ और आम जनता सभी उनके कार्यों की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा अधिकारी पहले कभी तहसील में नहीं आया, जो बिना किसी रोक-टोक के सभी की बात सुनता हो और तुरंत कार्रवाई करता हो। निजामाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की कार्यशैली प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जनविश्वास बढ़ाने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है।