सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती, पत्थर उखाड़ने पर दर्जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Special

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

 

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती, पत्थर उखाड़ने पर दर्जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और न्यायालय के आदेश पर लगाए गए सीमांकन पत्थरों को उखाड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर दर्जनों लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा भू-माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए राजस्व ग्रामों में कब्जे वाली भूमि को चिन्हित कर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में न्यायालय द्वारा धारा-24 के अंतर्गत कई स्थानों पर सीमांकन के लिए पत्थर स्थापित किए गए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने इन पत्थरों को उखाड़कर नष्ट कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

मिली जानकारी के अनुसार बालमपट्टी की पोखरी पर कब्जा करने वाले भैंसहा निवासी दयाशंकर तथा जैगहा ग्राम सभा की नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण करने वाले पातीखुर्द निवासी सुरेश के खिलाफ बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

वहीं देवारा तुर्क राजा ग्राम सभा की भूमिधरी भूमि पर कब्जा करने के आरोप में सतिराम, नंदू और छांगुर के खिलाफ महाराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा शहाबुद्दीनपुर ग्राम सभा में भूमिधरी भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप में भोलई, नाजो और धनई के विरुद्ध भी बिलरियागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

इसी क्रम में रघुनाथपुर ग्राम सभा की भूमिधरी जमीन पर कब्जा करने के आरोप में सूर्यदेव और इंदल निवासी रघुनाथपुर के खिलाफ महाराजगंज थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।

उपजिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय के आदेश पर स्थापित सरकारी पत्थरों को उखाड़ने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।