आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
मोहर्रम की शांति और सौहार्द की कमान संभाले दिखे कोतवाल विनय कुमार सिंह, ताजिएदारों संग बैठक में दिया भाईचारे का संदेश
जीयनपुर, आजमगढ़। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जीयनपुर कोतवाली परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने ताजिएदारों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ विस्तार से संवाद कर पर्व को भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में कोतवाल विनय कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की परंपराओं का ही पालन किया जाएगा तथा किसी भी नई परंपरा या नए मार्ग से ताजिया जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। सभी ताजिए निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे।
बैठक के दौरान ताजिएदारों ने कई स्थानों पर झूल रहे बिजलीा के तारों से जुलूस के दौरान संभावित खतरे की ओर ध्यान आकर्षित कराया। इस पर कोतवाल विनय कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौजूद विद्युत विभाग के अवर अभियंता जयसिंह को सभी लटकते तारों को समय रहते ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कोतवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सातवीं मोहर्रम के जुलूस के दौरान आवश्यकता पड़ने पर संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित की जा सकती है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
बैठक में वर्ष 2012 में सरायबल्लों और अंडाखोर टिकरिया मार्ग को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चौहान बस्ती के लोग पूर्व निर्धारित मार्ग से ही ताजिया लेकर जाएंगे, जबकि अंडाखोर टिकरिया के लोग उस मार्ग का प्रयोग नहीं करेंगे। इस निर्णय का सभी पक्षों ने स्वागत किया।
कोतवाल विनय कुमार सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पर्व से पूर्व पुलिस द्वारा क्षेत्र में रूट मार्च निकालकर लोगों को शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।
बैठक के दौरान पुलिस और प्रशासन की सक्रियता तथा कोतवाल विनय कुमार सिंह की सजग कार्यशैली की सराहना करते हुए ताजिएदारों ने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी मोहर्रम का पर्व पूरी शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न होगा।
बैठक में नेहाल मेहंदी, महबूद आलम खान, आसिफ खान, हाजी अनवार, लाख अहमद, शहंशाह, सोहराब अहमद, जावेद, इरशाद अहमद, अनिसुर रहमान, अधिशासी अधिकारी संजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ताजिएदार, गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




