प्रदेश ब्यूरो हेड : रिंकू सिंह
आजमगढ़ सगड़ी । सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ विकास खंड कार्यालय में शुक्रवार को सहायक बाबू मोहम्मद जमाल अख्तर के सेवानिवृत्त होने पर समारोहपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम सचिवों, ग्राम प्रधानों एवं रोजगार सेवकों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। इस दौरान अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह, पवित्र कुरान, छाता सहित विभिन्न उपहार भेंट कर उनके दीर्घ एवं निष्कलंक सेवाकाल का सम्मान किया गया। जानकारी के अनुसार मोहम्मद जमाल अख्तर विगत लगभग 10 वर्षों से अजमतगढ़ विकास खंड में सहायक बाबू के पद पर कार्यरत थे। सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र मिश्रा, एडीओ पंचायत सुभाष चंद्र शर्मा सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, समयबद्धता और सरल व्यवहार से सभी का सम्मान अर्जित किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्यशैली अपनाई और कभी भी अपने दायित्वों से समझौता नहीं किया। खंड विकास अधिकारी जितेंद्र मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि मोहम्मद जमाल अख्तर की ईमानदारी, मेहनत, लगन और समयबद्ध कार्यशैली अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा सभी को उनके कार्यों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी की सबसे बड़ी पहचान उसका उत्कृष्ट कार्य और अच्छा व्यवहार होता है, जिसे मोहम्मद जमाल अख्तर ने अपने पूरे सेवाकाल में कायम रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा ने की तथा संचालन रामकेश सिंह पटेल ने किया। इस अवसर पर एडीओ कृषि प्रदीप यादव, एडीओ (रक्षा) प्रदीप कुमार, सचिव अभिषेक, प्रभाकर, गरिमा मिश्रा, गरिमा सिंह, कमलेश, ग्राम प्रधान दीपक यादव, विजय चौहान, राम आशीष चौहान, सुमेश यादव, सरफुद्दीन सहित ग्राम सचिव, रोजगार सेवक एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




