संवाद दाता:- सलीम जावेद
रामनगर पुलिस ने छात्रों को साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय, 1930 पर शिकायत की दी जानकारी
वाराणसी। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे अभियान एवं पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशों के क्रम में छात्रों एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार, 02 सितंबर 2026 को पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, रामनगर में साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उपायुक्त, जोन काशी एवं अपर पुलिस उपायुक्त, जोन काशी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में थाना रामनगर पुलिस टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध, साइबर बुलिंग, फर्जी प्रोफाइल तथा ऑनलाइन गेमिंग एवं डिजिटल फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 
पुलिस टीम ने छात्रों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। अनजान एवं संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा बिना सत्यापन के किसी ऐप को डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के तहत छात्राओं एवं महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और उपलब्ध सहायता के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करें। 
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सालय, रामनगर
श्री अविनाश मिश्रा, प्रधानाचार्य, पीएमश्री प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज
प्रभारी निरीक्षक श्री संजय कुमार मिश्र, थाना रामनगर
उ0नि0 पंकज कुमार मिश्रा, साइबर सेल, थाना रामनगर
म0उ0नि0 सुजाता चटर्जी, थाना रामनगर
म0आ0 सौम्या, साइबर सेल, थाना रामनगर
म0आ0 सरोजनी यादव, थाना रामनगर
म0आ0 मंजू देवी, थाना रामनगर
आरक्षी गौरव कुमार, साइबर सेल, थाना रामनगर




