आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
गर्मी से राहत, लेकिन आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट
आजमगढ़ जनपद में जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आज दोपहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और देर रात तक इसका प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा। इसके चलते प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि 28 मई से 31 मई के बीच प्रदेश के अनेक जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में लगभग 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
विशेष रूप से 29 मई को मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ ही तेज बारिश और ओलावृष्टि भी होने की आशंका है।
मौसम विभाग एवं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों, बिजली विभाग, आपदा प्रबंधन टीम तथा स्थानीय प्रशासन को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। खुले स्थानों, कमजोर निर्माणों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
आईएमडी द्वारा जारी दैनिक पूर्वानुमान, नाउकास्ट और अलर्ट के अनुसार सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आमजन को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।




