पेट्रोल पंप संचालकों व ज्वेलर्स व्यापारियों के साथ पुलिस की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए गए आवश्यक निर्देश

Social

संवाददाता : मोनू भारती
घोसी,मऊ। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घोसी कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र नाथ राय की अध्यक्षता में क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों एवं ज्वेलर्स व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र नाथ राय ने उपस्थित व्यापारियों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने पेट्रोल पंपों एवं आभूषण प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय एवं सुचारु रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में व्यापारियों को साइबर अपराध, नकली नोटों की पहचान और सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालक, ज्वेलर्स व्यवसायी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।