अधूरे नाला निर्माण से वार्ड 17 व 23 के लोग बेहाल, चार महीने से गड्ढों में तब्दील सड़क; बड़े हादसे की आशंका।

स्थानीय समाचार

📰 अधूरे नाला निर्माण से वार्ड 17 व 23 के लोग बेहाल, चार महीने से गड्ढों में तब्दील सड़क; बड़े हादसे की आशंका

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया)। आदर्श नगर पालिका रसड़ा के वार्ड संख्या 17 एवं 23 में चल रहे नाला निर्माण कार्य की धीमी गति और लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि करीब चार महीने पहले शुरू हुआ नाला निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका, जिससे सड़क के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं और आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार मेरुराय का पूरा से महावीर अखाड़ा जाने वाला मार्ग तथा मेरुराय का पूरा से खरहवा ईनार तक बनने वाला नाला अधूरे निर्माण के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। खुले गड्ढों और अधूरे निर्माण के चलते राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा स्कूली बच्चों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई राहगीर इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण एजेंसी की ओर से न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और न ही कार्य में अपेक्षित तेजी दिखाई गई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार बीमार व्यक्तियों के घर तक एंबुलेंस या अन्य वाहन नहीं पहुंच पाते, जिससे मरीजों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि यह नाला निर्माण कार्य विधायक निधि से कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार अत्यंत लापरवाही से काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि थोड़े से कार्य के लिए सड़क खोदकर महीनों तक छोड़ देना आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

कुछ स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि विधायक उमाशंकर सिंह के अस्वस्थ रहने के कारण कार्यों की निगरानी प्रभावित हुई है, जिसका लाभ उठाकर संबंधित कर्मचारी और ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं।

हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग के शक्ति सिंह ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा कार्य का निरीक्षण किया जा चुका है और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों को जल्द राहत मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए तथा सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाकर आम जनता को राहत दिलाई जाए।