सातवें बड़े मंगल पर रामनगर-सूरतगंज में जगह-जगह भंडारे, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल पर मंगलवार को रामनगर और सूरतगंज क्षेत्र भक्ति, सेवा और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

रामनगर में तिवारी मेडिकल एवं परिजात हॉस्पिटल के सामने डॉ. प्रबल तिवारी द्वारा आयोजित भंडारे में छोला-चावल व बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, अशोक तिवारी व डॉ. एसकेबी शुक्ला सहित अनेक लोग मौजूद रहे। मधवा जलालपुर में उमेशचंद उर्फ डब्बू चौहान तथा सीएचसी रामनगर में अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव के नेतृत्व में भी भंडारा आयोजित हुआ।

 

अमोली कीरतपुर में सुंदरकांड पाठ के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। वहीं कुरेलवा, नंदऊपारा, कुतलूपुर, अल्लापुर और सूरतगंज चौराहे पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महादेवा के लोधौरा चौराहे पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी एडवोकेट के संयोजन में आयोजित भंडारे में एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल सिंह, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

 

चौकाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शुक्ला फिलिंग सेंटर पर भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। दिनभर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से क्षेत्र गूंजता रहा तथा आयोजनों के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।