इब्राहिमपट्टी-चचाईपार नहर मार्ग पर बाइक नहर में पलटी, तीन युवक घायल

स्थानीय समाचार

संवाददाता

दीपक कुमार सिंह

जनपद बलिया

भीमपुरा। इब्राहिमपट्टी-चचाईपार नहर मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई, जिससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र के नथनपुरा निवासी रामाशीष (30), दीपक राजभर (17) तथा रोशन राजभर (24) अवधूतेश्वर मंदिर इब्राहिमपट्टी में दर्शन करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चचाईपार नहर स्थित टड़वा गांव के समीप हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटी। बाइक पर तीनों युवक सवार थे। संयोग अच्छा रहा कि नहर में उस समय पानी नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में रामाशीष को गंभीर चोटें आईं, जबकि दीपक और रोशन को पैर एवं सीने में चोट लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोशन की रीढ़ की हड्डी में भी गंभीर चोट की आशंका जताई गई है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस चालक सुजीत तथा इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन विधि चंद चौहान मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार करते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव पहुंचाया।
सीएचसी में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. जितेंद्र ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों तथा चिकित्सकों ने एम्बुलेंस कर्मचारियों की तत्परता और सेवा भावना की।