रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जुलाई के प्रस्तावित आगमन को लेकर लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। महादेवा निवासी 22 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन समीर पुत्र मग्गू मंदिर परिसर में एसी की मरम्मत के दौरान सीढ़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
समीर एसी मरम्मत और प्राइवेट लाइनमैन का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके साथ काम कर रहे रेहान ने बताया कि एसी ठीक करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गए, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। सोमवार को पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पूरे महादेवा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को तहसील स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा नियमानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।




