नेशनल खबर 9 के लिए यूपी हेड रिंकू सिंह
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी सगड़ी द्वारा किया गया निरीक्षण, छात्राओं से भी लिया फीडबैक
आजमगढ़ जनपद के शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अजमतगढ़ का शुक्रवार को अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। प्रभारी एसडीएम सगड़ी एवं एसडीएम न्यायिक दिव्या सिकरवार, सीओ सगड़ी देशराज सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद मेस में भोजन की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की साफ-सफाई, विद्यालय परिसर की स्वच्छता सहित छात्राओं के रहने और पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।
अधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें भोजन समय से मिल रहा है या नहीं, रहने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है तथा विद्यालय की ओर से मिलने वाली सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं। छात्राओं ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर स्थिति संतोषजनक पाई। अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अधिकारियों के निरीक्षण से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं और विद्यालय प्रशासन में भी सक्रियता दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालय कर्मी मौजूद रहे।




