संवाददाता : त्रिभुवन त्रिपाठी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के साथ तहसील रुद्रपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंपोजिट विद्यालय, रुद्रपुर स्थित बूथ संख्या 249, 250, 251, 252, 253, 254 एवं 255 तथा रामजी सहाय पीजी कॉलेज, रुद्रपुर स्थित बूथ संख्या 244, 245, 246, 247 एवं 248 का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए । उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।




