संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 65 शिकायतें दर्ज, तीन मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

स्थानीय समाचार

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
निजामाबाद (आजमगढ़)। निजामाबाद तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से तीन राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया। शेष 62 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे और समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ शिकायतों का निस्तारण करेंगे तो लोगों को तहसील, थाना अथवा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी। समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, विद्युत, आपूर्ति तथा अन्य विभागों से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार सर्वेश कुमार, नायब तहसीलदार राहुल कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी कमला प्रसाद पटेल, तहबरपुर थाना प्रभारी आदित्य सिंह, सरायमीर थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे, विद्युत विभाग के संजय कुमार गुप्ता, सप्लाई इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार त्रिपाठी, सिंचाई विभाग के मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।