घर में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पति विदेश में; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

CRIME

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
सरायमीर(आजमगढ़)। सरायमीर थाना क्षेत्र के कोरौली खुर्द गांव में गुरुवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार कोरौली खुर्द निवासी अलमदार हुसैन की पत्नी तलत फातिमा (लगभग २३ वर्ष) घर में अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य एक रिश्तेदारी में आयोजित मजलिस में शामिल होने के लिए सुल्तानपुर गए हुए थे। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने कमरे की खिड़की से उनका शव छत के पंखे के सहारे फंदे से लटकता देखा। इसके बाद तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका का मायका बिहार के रोहतास जनपद के शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी गांव में है। करीब दो वर्ष पूर्व उनकी शादी कोरौली खुर्द निवासी अलमदर हुसैन से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति वर्तमान में रोजगार के सिलसिले में ईरान में हैं। दंपति की कोई संतान नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल दोनों पक्षों में शोक का माहौल है। सरायमीर थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।